
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। 70 और 80 के दशक में नई अभिनेत्रियों का आने का दौर एकदम से शुरू हुआ था। उस दौर में पहले से ही कई हीरोइन्स स्टारडम के शिखर पर थीं और इसी बीच कुछ नई एक्ट्रेसेस आईं, जिन्होंने सिनेमा की परिभाषा बदली। जहां सूट और साड़ी में रहने वाली हीरोइनें थें तो वहीं इसी बीच 5 फीट 8 इंच की एक लंबी हसीना ने सिनेमा का समीकरण बदल दिया।
जीनत अमान और परवीन बाबी के बाद ये वो अभिनेत्री थी, जिसे तगड़ा कॉम्पटीशन माना जा रहा था। हॉट विलेन बनकर उसने खूब तारीफें भी बटोरीं, लेकिन कैसे ये हीरोइन गुमनामी के अंधेरे में खो गई? कैसे रातोंरात स्टार बनी इस हसीना को सबने भुला दिया? आइए जानते हैं….
आते ही स्टार बनी थीं सोनू वालिया
जिस एक्ट्रेस की आज हम बात कर रहे हैं, वो हैं सोनू वालिया (Sonu Walia)। वही सोनू वालिया, जिन्होंने सिनेमा के पर्दे पर आकर खूब चर्चा बटोरी तो वहीं उनके करियर में एक वक्त वो आया को बिल्कुल गुमनाम हो गईं और उन्होंने इसके आरोप इंड्स्ट्री के तीनों खान्स पर लगाए। सोनू वालिया का जन्म 19 फरवरी 1964 को नई दिल्ली के एक पंजाबी परिवार में हुआ था।
सोनू ने साइकोलॉजी में डिग्री हासिल की, साथ ही वो जर्नलिज्म की भी स्टूडेंट रहीं। पढ़ाई पूरी करने के बाद सोनू मॉडलिंग में करियर बनाने के चलते इसी फील्ड में आ गईं। इसी बीच उन्होंने साल 1985 में मिस इंडिया का खिताब जीता था। खूबसूरत और लंबी होने के चलते सोनू वालिया के पास ये खिताब आसानी से आ गया।
हालांकि इसके पीछे उनकी मेहनत भी खूब रही। ग्लैमर की दुनिया में आते ही सोनू छा गईं और फिर आखिरकार वक्त उनके डेब्यू का। साल 1986 में फिल्म शर्त से उन्होंने डेब्यू किया लेकिन इसमें वो एक मॉडल के तौर पर दिखीं, पर असली उनकी किस्मत बदली रेखा के साथ आई एक फिल्म से।
‘खून भरी मांग’ में रेखा को दी टक्कर
साल 1988 में सोनू वालिया फिल्म खून भरी मांग में नजर आईं। असल मायनो में यही सोनू वालिया की डेब्यू फिल्म थी। इस फिल्म में उन्होंने ‘नंदिनी’ का निगेटिव रोल निभाया। फिल्म में वो रेखा और कबीर बेदी जैसे सुपरस्टार्स के साथ दिखीं। सोनू का किरदार फिल्म में काफी बोल्ड रहा।
उन्होंने बिकिनी और स्विमसूट पहनकर सनसनी मचा दी। फिल्म में उन्होंने 20 साल बड़े कबीर बेदी से रोमांस किया था, जो खूब चर्चा का विषय रहा। कई लोगों को तो ये लगा कि फिल्म में सोनू के चलते रेखा पर लोगों की नजरें कम गईं। इस फिल्म के लिए सोनू वालिया को फिल्मफेयर बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड भी मिला।
लंबाई ही बन बैठी दुश्मन
उस दौर में ज्यादा लंबी हीरोइनें नहीं हुआ करती थीं, लेकिन सोनू वालिया की लंबाई अच्छी खासी थी। ऐसे में सोनू वालिया के साथ काम करने से लोग कतराते थे। दरअसल उस दौर में आमिर खान, सलमान खान, शाहरुख खान, समेत कई स्टार्स थे, जो सोनू के साथ काम करने से कतराते थे।
दरअसल अमिताभ, शत्रुघ्न सिन्हा, धर्मेंद्र, सनी देओल, विनोद खन्ना, और कबीर बेदी जैसे लंबे स्टार्स के साथ सोनू पहले ही काम कर चुकी थीं। हालांकि बाद में जब खान्स का दौर आया तो सोनू को परेशानी हुई। खुद सोनू वालिया ने एक इंटरव्यू में कहा था कि,खान्स के आने के बाद फिल्मों में काम मिलना लगभग कम हो गया।
बी-ग्रेड फिल्मों के बाद छोटे पर्दे पर भी किया काम
सोनू वालिया के करियर में कोई ऐसी सिंगल सोलो हीरोइन वाली फिल्म नहीं रही, जिसे ब्लॉकबस्टर कहा जा सके। हालांकि उन्होंने शाहरुख के साथ फिल्म दिल आशना है में काम जरूर किया था।
इसके अलावा वो महादेव, तूफान, अपना देश पराए लोग, तहलका, हातिम ताई, तेजा, खेल और प्रतिकार समेत कई फिल्मों में दिखीं। हालांकि जब ये फिल्में नहीं मिलीं, तो उन्होंने बी-ग्रेड फिल्मों में भी काम किया। बी-ग्रेड फिल्मों के बाद उन्होंने छोटे पर्दे का भी रुख किया।
पति का भी छूटा साथ
सोनू वालिया ने फिल्मों में खूब हाथ-पैर मारे, लेकिन वो लीड हीरोइन वाली सक्सेस उन्हें कभी नहीं मिली। फिल्में नहीं चली तो फिर उन्होंने अपना घर बसा लिया। साल 1995 में उन्होंने NRI बिजनेसमैन सूर्य प्रकाश से शादी की। शादी के बाद उन्होंने विदेश रहने का मन बनाया और वो पति के साथ वहीं शिफ्ट हो गईं। लेकिन साल 2009 में उनके पति का निधन हो गया और इसके बाद वह फिर से अकेली पड़ गईं।
सोनू वालिया ने सिनेमा के सुनहरे दौर में काम किया। हालांकि इतनी खूबसूरत और फिट होने के बाद भी वो उस मुकाम पर नहीं पहुंच पाईं और यही वजह है कि, शायद उनका ज्यादा खूबसूरत और लंबा होना उनके करियर पर भी भारी पड़ा।









